
पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम 2019 के बाद पहली बार घरेलू फर्स्ट क्लास मैच खेलेंगे। वह 18 सितंबर से जारी प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-I में OGDCL (ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड) टीम से खेल सकते हैं।
बाबर का मुकाबला किंग्समेन अकादमी के खिलाफ होगा। उन्होंने अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच 2019 में खेला था। वे हाल में इंग्लैंड दौरे पर खत्म हुई टेस्ट सीरीज की 4 पारियों में सिर्फ 97 रन ही बना सके थे
बाबर के अलावा शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ जैसे सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ी भी घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट खेल रहे हैं। आमतौर पर ये खिलाड़ी पाकिस्तान में कम फर्स्ट क्लास मैच खेलते हैं।
PCB ने इंग्लैंड दौरे से 7 खिलाड़ियों को वापस बुला लिया था
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लैंड दौरे पर दूसरे टेस्ट मैच में हार के बाद 7 खिलाड़ियों को वापस बुला लिया था। साथ ही टेस्ट कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी हटा दिया था। इन फैसलों से पहले बाबर से सलाह नहीं ली गई थी। बाबर के डोमेस्टिक खेलने के फैसले को इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
बाबार जुलाई में फिर टेस्ट कप्तान बने थे
बाबर को जुलाई में फिर से पाकिस्तान का टेस्ट कप्तान बनाया गया था। उनकी कप्तानी में टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज 1-1 से ड्रॉ खेली। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ 0-3 से हार झेलनी पड़ी।
बाबर को गेस्ट प्लेयर के तौर पर शामिल किया जाएगा
OGDCL की खेल प्रमुख फराह बतूल ने बताया कि PCB ने बाबर का नाम गेस्ट प्लेयर के तौर पर शामिल करने के लिए भेजा है। वे आखिरी बार 2019 में कायद-ए-आजम ट्रॉफी में सेंट्रल पंजाब के लिए खेले थे। इसके बाद उन्होंने कोई घरेलू फर्स्ट क्लास मैच नहीं खेला।
बाबर के किट का ऑर्डर दिया जा चुका है। बतूल ने कहा- ‘वह तय करेंगे कि 18 सितंबर के मैच में खेलना है या फिर 24 सितंबर से शुरू होने वाले तीसरे दौर के मैच में खेलेंगे।’
