जमुना प्रसाद मेमो कॉलेज के बीए विभाग में विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हिंदी पखवाड़ा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान निदेशक डॉ. मनोज कांडपाल ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा और साहित्य की विविधता को दर्शाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और काव्य पाठ प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और हिंदी भाषा के महत्व का संदेश दिया गया, जबकि काव्य पाठ ने कार्यक्रम में साहित्यिक एवं भावनात्मक रंग भर दिया।
इस अवसर पर संस्थान निदेशक डॉ. मनोज कांडपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा, संवेदना और सामाजिक एकता की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के प्रति गौरव की भावना रखने तथा दैनिक जीवन में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में हिंदी के सामने विकास के अनेक अवसर मौजूद हैं। कंप्यूटर, इंटरनेट, डिजिटल माध्यम और सोशल मीडिया में हिंदी का प्रयोग लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे आधुनिक ज्ञान और तकनीक के साथ हिंदी भाषा को भी आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।
आईक्यूएसी समन्वयक अमरीश गंगवार ने कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत की भाषा है। मुख्य अनुशासन प्रमुख अंकुर टंडन ने कहा कि भाषा विचारों को व्यक्त करने का माध्यम होने के साथ-साथ व्यक्ति के संस्कार और व्यक्तित्व की पहचान भी होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी का सम्मान करने और अपने दैनिक जीवन में इसके सहज एवं प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
हिंदी विभागाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी डॉ. यश पाल सिंह ने संस्थान निदेशक, अनुशासन प्रमुख, आईक्यूएसी समन्वयक, शिक्षकगण, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए विद्यार्थियों से हिंदी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन छात्रा कायनात करीमा ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस अवसर पर डॉ. वंदना शर्मा, मुनेन्द्र पाल गंगवार, अनीता गंगवार, डॉ. रवि शंकर, सुनील कुमार, प्रियंका, रमा शंकर, प्रवेश कुमार, हुमा, निशी, निक्की सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे

रिपोर्ट:सचिन श्याम भारतीय
लोकेशन: बरेली यू पी
