मुजेसर अंडर पास बनने से मिलेगा मुजेसर सहित औद्योगिक क्षेत्र को लाभ

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के मुजेसर फाटक पर बनाए जा रहे रेलवे अंडरपास परियोजना के लिए प्रशासन द्वारा आजाद नगर कॉलोनी क्षेत्र में की गई तोड़फोड़ के बाद कॉलोनीवासी विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरियाणा पंडित मूलचंद शर्मा के सेक्टर-8 स्थित कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

इस दौरान स्थानीय पार्षद रवि भगत सहित आजाद नगर के बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चे भी मौजूद रहे। कॉलोनीवासियों ने विधायक से मांग रखी कि रेलवे अंडरपास के लिए निर्धारित निशानदेही के अनुसार प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है, लेकिन उनकी बची हुई झुग्गियों एवं आशियानों को न तोड़ा जाए, ताकि उनके परिवार बेघर न हों।

विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने जनता कॉलोनी के लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि अब आगे किसी प्रकार की तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी और किसी का आशियाना नहीं उजड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बनाया जा रहा रेलवे अंडरपास क्षेत्र की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण और बड़ा प्रोजेक्ट है, जिससे यातायात व्यवस्था को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध करवाना प्रशासन का कार्य है, लेकिन साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से भी मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की बात कही। स्थानीय निवासियों ने भी विधायक पंडित मूलचंद शर्मा का आभार व्यक्त किया उन्होंने कहा कि मूलचंद शर्मा हमेशा गरीब व्यक्तियों के हित की लड़ाई लड़ते रहे हैं और उन्होंने आश्वासन दिया है कि अब कोई भी तोड़फोड़ आगे नहीं की जाएगी।
इस मौके पर त्रिपाठी,ओंकार,शिवशंकर,राजेश,राजेंद्र सिवाच जसवंत लांबा,रेखा,प्रभावती,लक्ष्मी सहित आजाद के निवासी मौजूद रहे।

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *