फरीदाबाद
हरियाणा जलवायु परिवर्तन आयोग के चेयरमैन उमेश भाटी ने ग्रीष्मकालीन अवकाश को लेकर बच्चों और अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि छुट्टियां केवल मनोरंजन और घूमने-फिरने तक सीमित न रहें, बल्कि इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।

उन्होंने कहा कि बच्चे जहां भी घूमने जाएं, वहां स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। पौधारोपण न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने का भी माध्यम है।

उमेश भाटी ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में बच्चों को शुरुआत से ही पर्यावरण के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। यदि हर बच्चा अपनी छुट्टियों में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो यह एक बड़ा जन अभियान बन सकता है।

उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर रखकर प्रकृति से जोड़ने का प्रयास करें। बच्चों को पेड़-पौधों, जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दें, वहीं खुद भी जागरूक रहे।

उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश बच्चों के लिए सीखने और नई आदतें अपनाने का सबसे अच्छा समय होता है। इस दौरान यदि बच्चे पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *