फरीदाबाद,सतयुग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET) के तत्वावधान में माई भारत केंद्र, फरीदाबाद (पूर्व में नेहरू युवा केंद्र) के सहयोग से 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2026 के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माई भारत केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत है।
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता सत्र, निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं समूह चर्चा जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत की तकनीकी उपलब्धियों, विशेष रूप से पोखरण परमाणु परीक्षण की ऐतिहासिक सफलता को स्मरण करना तथा युवाओं को आधुनिक तकनीकी नवाचारों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence), डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर एवं तकनीक के जिम्मेदार और समावेशी उपयोग के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। अतिथियों ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और तकनीकी ज्ञान भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक, कार्यक्रम पर्यवेक्षक एवं जिला समन्वयक राजेंद्र शर्मा, माई भारत जिला युवा स्वयंसेवक दीपक, दिक्षांत शर्मा एवं विपुल पराशर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग की सहायक प्राध्यापक सुश्री अंजलि मेहता एवं सुश्री संगीता द्वारा किया गया। निबंध लेखन एवं समूह चर्चा प्रतियोगिता के विजेताओं को माई भारत केंद्र द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र त्यागी ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार और तकनीकी विकास के क्षेत्र में प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि एसडीआईईटी विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम एवं सामाजिक रूप से उत्तरदायी नागरिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
