फरीदाबाद J.C. Bose University of Science and Technology में ‘मनन – अ टेक्नो सर्ज’ के अंतर्गत आयोजित 8 घंटे के प्रतिष्ठित हैकाथॉन ‘ज़ेनिथ 5.0’ में Satyug Darshan Institute of Engineering and Technology (एसडीआईईटी) के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE) विभाग के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया।
यह हैकाथॉन 1 मई 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें एसडीआईईटी के छठे सेमेस्टर के चार छात्र—विकाश कुमार, प्रिंस, विकाश झा और राहुल—ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच टीम ने अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार सोच का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
पूरे 8 घंटे चली इस कोडिंग प्रतियोगिता में छात्रों ने समस्या-समाधान क्षमता, टीमवर्क और समय प्रबंधन का बेहतरीन प्रदर्शन किया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी टीम ने अपने प्रोजेक्ट को समय पर पूरा कर निर्णायकों को प्रभावित किया।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र त्यागी ने छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता उनकी प्रतिभा, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।
वहीं, सीएसई विभाग के शैक्षणिक समन्वयक श्री शिरीष गुप्ता ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विभाग में नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता के माहौल को दर्शाती है। ऐसे मंच छात्रों को अपनी प्रतिभा निखारने और वास्तविक समस्याओं के समाधान विकसित करने का अवसर देते हैं।
संस्थान परिवार ने विजेता छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *