फरीदाबाद बल्लभगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी अपनाओ और आत्मनिर्भर भारत अभियान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री राजेश नागर रविवार को बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहाँ उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ यात्रियों से संवाद किया और उन्हें देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने की अपील की।
स्टेशन परिसर में मंत्री राजेश नागर व भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी अपनाओ के स्टिकर लगाकर लोगों को जागरूक किया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाया जाए। इसके लिए आवश्यक है कि हर नागरिक भारतीय उत्पादों को अपनाकर विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करे। उन्होंने बताया कि पूरे हरियाणा में यह अभियान बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है और हर जिले व विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता लोगों को स्वदेशी वस्तुओं के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
मंत्री नागर ने यह भी जानकारी दी कि सरकार जल्द ही हरियाणा में स्वदेशी दुकानें शुरू करने जा रही है, जहां केवल भारतीय उत्पाद ही उपलब्ध होंगे। इसका उद्देश्य स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देना और आर्थिक रूप से देश को सशक्त बनाना है।
“प्रधानमंत्री जी चाहते हैं कि भारत 2047 तक आत्मनिर्भर बने। इसके लिए यह बेहद जरूरी है कि लोग स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं। हरियाणा में यह अभियान तेज़ी से चल रहा है और जनता का भी अच्छा सहयोग मिल रहा है।”
इस दौरान मंत्री नागर ने रोहतक के खेल मैदान में एक खिलाड़ी की हुई मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार ने तुरंत आवश्यक कदम उठाए हैं। सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद स्टेडियमों और खेल सुविधाओं की जांच करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
“सरकार खिलाड़ियों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। संबंधित विभागों को जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही दोबारा न हो।”



फरीदाबाद बल्लभगढ़
