सूरत में इलाज के दौरान महाराष्ट्र के एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम फैल गया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपु हिम्मत पाटिल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी था।
परिवारजनों के अनुसार, दीपु पाटिल इलाज के लिए सूरत के चौटा बाजार क्षेत्र स्थित पानी की भिंत के पास राज क्लिनिक में गया था। वहां डॉक्टर ने उसे एक इंजेक्शन दिया, जिसके कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने क्लिनिक प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इंजेक्शन लगाने के तुरंत बाद ही दीपु की तबीयत बिगड़ने लगी थी, लेकिन समय पर कोई सही उपचार नहीं मिला।
मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीपु पाटिल की मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो मासूम बच्चियों ने अपने पिता को हमेशा के लिए खो दिया है।


News by
Mayank Agarwal
Gujarat State office
