अमेठी में एक दलित युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह 5 बजे पड़ोसी के जानवर बांधने वाली जगह पर पड़ा मिला। युवक के दोनों हाथ-पैर बंधे थे, मुंह में कपड़ा ठूंसा था। शव पर कंबल और पॉलिथीन डालकर उसे छिपाने की कोशिश की गई थी।

गांववालों ने बताया- सागर पड़ोस में ही रहने वाली एक लड़की से प्यार करता था। इस बात को लेकर पहले भी दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था। सागर की शादी दूसरी जगह तय हो गई थी। उसकी मंगेतर मोहिनी ने बताया कि सागर ने एक संदिग्ध वीडियो भी बनाया था।

घरवालों ने बताया कि सागर मंगलवार रात खाना खाने के बाद छत पर सोने गया था। सुबह छोटी बहन ने उसका शव देखकर पुलिस को सूचना दी। घटना संग्रामपुर थाना क्षेत्र की है।

अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए

पूरे रामा चौहान गांव के रहने वाले सिद्धार्थ मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी संगीता देवी, बेटा सागर और दो बेटियां आरती-स्वाति एसडीएम कॉलोनी में ही रहते हैं। बड़ी बहन आरती ने बताया- सागर 12वीं तक पढ़ा था। वह नौकरी के सिलसिले में आज ही दिल्ली जाने वाला था। सागर की शादी प्रतापगढ़ के गोसाई का पुरवा, लालगंज की रहने वाली मोहिनी से तय हुई थी।

सागर ने मंगलवार रात 11 बजे परिवार के साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद रोज की तरह ही बिस्तर लेकर छत पर सोने चला गया।

बहन बोली- भाई को सुबह मां की दवा लेने जाना था

आरती ने बताया- मां की अक्सर तबीयत खराब रहती है। आज सुबह सागर को मां की दवा लेने जाना था। हम सुबह 4 बजे उसको उठाने छत पर गए, तो वह वहां नहीं था। हमें लगा कि शौच के लिए बाहर गया होगा। आधे घंटे तक नहीं लौटा, तो हमने कॉल की। लेकिन, उसका फोन स्विच ऑफ था। आसपास के रिश्तेदारों के पास भी कॉल की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

भैंसों की लगातार आवाज से शक हुआ

आरती ने बताया- पड़ोसी रवींद्र सिंह के पशुबाड़े से लगातार भैंसों की आवाज आ रही थी। हमने पास जाकर देखा, तो सागर का शव बाड़े के अंदर पड़ा था। उसके हाथ-पैर बंधे थे और गला रेता हुआ था। शव को बोरी और पॉलीथिन से ढककर छिपाने की कोशिश की गई थी।

गांववाले बोले- रात में पड़ोस की लड़की से मिलने गया था

आसपास रहने वाले लोगों ने बताया- सागर पड़ोस में रहने वाले दलित परिवार की एक लड़की से प्यार करता था। रात में वह लड़की से चोरी-छिपे मिलने गया था। दोनों के रिश्ते को लेकर लड़की के परिवार से उसका पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका है। लेकिन, इसके बाद भी दोनों मिलते रहते थे।

मंगेतर बोली- सागर ने संदिग्ध युवक का वीडियो बनाया था

मंगेतर मोहिनी ने बताया- एक महीने पहले सागर ने मुझे एक वीडियो भेजा था। इसमें एक युवक रात में बाइक से आता है और एक घर में घुसता है। सागर ने खुद यह वीडियो बनाया था। मंगलवार रात 8 बजे सागर से आखिरी बार बात हुई थी। उसने कहा था कि नींद आ रही है, सुबह बात करेंगे। फिर फोन काट दिया था।

पड़ोसी का दावा- हमें भी सुबह पता चला

जिस पड़ोसी रवींद्र सिंह के पशुबाड़े में सागर का शव मिला, उसने बताया कि मुझे भी इस बारे में सुबह ही पता चला। शव को हत्या के बाद यहां लाकर फेंका गया है।

सागर के घरवाले और मंगेतर हत्या को पूर्व नियोजित साजिश मान रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि सागर की हत्या पूरी प्लानिंग से की गई। इसके बाद शव को पड़ोसी के यहां रख दिया गया।
ASP बोले- गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स लगाई घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया- आज सुबह पीआरबी को सूचना मिली कि संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे रामा चौहान गांव में एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों से मिली तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।

अमेठी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *