सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसामान्य की समस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के दिए निर्देश
समस्त अधिकारी कार्यदिवस में प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तक करें जनसुनवाई
जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज जनपद बरेली की तहसील आंवला स्थित सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक उपस्थित रहकर जनता की शिकायतें सुनें और उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि, चकबंदी, पूर्ति विभाग, आवास, राजस्व, पेंशन, सड़क सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। निवासी ग्राम भूड़ा द्वारा गांव के लोगों द्वारा उनकी भूमि पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की गयी, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी/तहसीलदार को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
ग्राम घेर करम खां की निवासी महिला ने उनकी विधवा पेंशन नहीं आने की शिकायत की गयी, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निवासी ग्राम सेन्धा ने बताया कि अरिल नदी का जल अधिक होने के कारण उनका मकान गिर गया है और टूटे-फूटे मकान में रह पाना मुश्किल है, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
तहसील आंवला में सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्न प्राशन कराया गया और बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/आशाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना एवं दैवीय आपदा से फसल नुकसान पीड़ितों को सहायता राशि के चेक वितरण किए। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत छः पात्र लाभार्थियों को अन्त्योदय राशन कार्ड वितरित किए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार, उप जिलाधिकारी आंवला सुशील मिश्रा, उप जिलाधिकारी न्यायिक शिव प्रसाद सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।















बरेली
अमित कुमार कश्यप
