कैटल जीनोमिक्स समिट 2026 में बीएल एग्रो का बड़ा निवेश
लीड्स जेनेटिक्स में बीएल एग्रो करेगा ₹1,500 करोड़ का निवेश, बरेली में जेनेटिकली सेलेक्टेड गिर बछड़ों का जन्म
बीएल एग्रो ने अपनी बायोटेक्नोलॉजी सहायक कंपनी लीड्स जेनेटिक्स में ₹1,500 करोड़ के निवेश की घोषणा की है। कंपनी का उद्देश्य जेनेटिक्स, ब्रीडिंग, पशु स्वास्थ्य, पोषण, दूध उत्पादन और प्रोसेसिंग को जोड़कर एक इंटीग्रेटेड डेयरी एवं जेनेटिक्स इकोसिस्टम विकसित करना है। यह घोषणा बरेली स्थित बीएल कामधेनु फार्म्स में आयोजित दो दिवसीय कैटल जीनोमिक्स समिट-2026 में की गई।
समिट के दौरान भारत के पहले जेनेटिकली सेलेक्टेड एलीट गिर बछड़ों का बरेली में लाइव जन्म हुआ। इसे भारत-ब्राजील पशु आनुवंशिकी सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। कंपनी के अनुसार, जेनेटिकली सेलेक्टेड गायों से प्रतिदिन औसतन 40 से 60 लीटर तक दूध उत्पादन की उम्मीद है।
लीड्स जेनेटिक्स के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बरेली में वर्ष 2027 के अंत तक हर महीने 15 हजार भ्रूण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए आईवीएफ-ईटी, एमओईटी, पैथोलॉजी और जीनोमिक्स प्रयोगशालाओं के साथ इन-हाउस ब्रीड इम्प्रूवमेंट फार्म विकसित किए जाएंगे। कंपनी इस मॉडल को उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, बिहार और मध्य प्रदेश में भी विस्तार देने के लिए बातचीत कर रही है।
समिट में जीनोमिक्स, आईवीएफ, एडवांस्ड सीक्वेंसिंग और डेटा आधारित ब्रीडिंग तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, उत्तर प्रदेश के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह और राज्य मंत्री अरुण कुमार सक्सेना शामिल हुए।
बीएल एग्रो के चेयरमैन डॉ. घनश्याम खंडेलवाल ने कहा कि बेहतर जेनेटिक्स से पशुओं की उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। कंपनी का लक्ष्य देश में ही एलीट बुल्स, भ्रूण और सेक्स्ड सीमेन तैयार कर आनुवंशिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।



रिपोर्ट: सचिन श्याम भारतीय
लोकेशन: बरेली यू पी
