590 करोड़ रुपये के कथित बैंक घोटाले को लेकर सियासत तेज हो गई है। महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्षा सुधा भारद्वाज ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह घोटाला सरकारी तंत्र की नाकामी और व्याप्त भ्रष्टाचार का स्पष्ट उदाहरण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी वित्तीय अनियमितता बिना प्रशासनिक मिलीभगत के संभव नहीं है। “जब आम जनता छोटे-छोटे ऋण के लिए बैंकों के चक्कर काटती है, तब सैकड़ों करोड़ रुपये का घोटाला हो जाना यह दर्शाता है कि व्यवस्था में गंभीर खामियां हैं,” उन्होंने कहा।
सुधा भारद्वाज ने सरकार से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर किन लोगों की संरक्षण में यह घोटाला पनपा और अब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
उन्होंने आगे कहा कि लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से जनता का बैंकिंग प्रणाली और सरकार दोनों पर विश्वास कमजोर हो रहा है। “सरकार को जवाब देना होगा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के उसके दावे आखिर कहां तक सही हैं,”।

पंचकूला 25 मार्च नरेंद्र कुमार
