पानीपत, 26 नवंबर। जिला सचिवालय प्रांगण में बुधवार को एक गरिमामयी और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध माहौल का साक्षी बना, जब यहां संविधान दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक आदर्शों को समर्पित इस आयोजन में उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा कर्मियों को संविधान दिवस के उपलक्ष में संकल्प दिलाया और सभी को भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों व कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संदेश दिया। पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और संवैधानिक चेतना से ओतप्रोत था।

संविधान दिवस के अवसर पर बोलते हुए उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि भारत का संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि यह हमारे राष्ट्र की आत्मा है। यह हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी देता है। संविधान हमें बताता है कि अधिकारों के साथ कर्तव्य भी उतने ही अनिवार्य हैं। यदि हम सभी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें, तो भारत दुनिया के सर्वोत्तम लोकतंत्रों में अपनी पहचान और भी मजबूत करेगा।

उपायुक्त डॉ दहिया के इस विचारोत्तेजक संदेश ने उपस्थित लोगों में संविधान के प्रति नई ऊर्जा, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना जागृत की। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण का केंद्र वह क्षण था जब उपायुक्त डॉ. दहिया ने अधिकारियों के साथ मिलकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। प्रस्तावना पढ़ते हुए उन्होंने कहा कि हम, भारत के लोग, भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को: न्याय, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक, स्वतंत्रता: विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की: समानता, प्रतिष्ठा और अवसर की गारंटी देने के लिए और इन सब में बंधुत्व बढ़ाने के लिए, जिससे हमारे राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित हो संविधान सभा में इस संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करते हैं।

प्रस्तावना के इन पवित्र शब्दों ने एक अद्भुत प्रेरणा का भाव भर दिया। अधिकारियों ने राष्ट्रहित में कार्य करने, संविधान की गरिमा बनाए रखने और नागरिकों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। इस प्रकार संविधान दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल एक औपचारिक आयोजन था, बल्कि यह लोकतंत्र के मूल्यों को पुन: हृदय में स्थापित करने का सशक्त माध्यम भी साबित हुआ। कार्यक्रम में एसडीएम मनदीप कुमार, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएफएससी कुमारी नीतू तथा कई विभागों से आए अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

सागर गोयल
पानीपत हरियाणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *